News Jabalpur-स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के प्रचार प्रसार के लिए शहर आएगी गुत्थी, किसके घर जाएगी गुत्थी?
स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के प्रचार प्रसार के लिए
शहर आएगी गुत्थी,
किसके घर जाएगी गुत्थी?
जबलपुर । स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत चल रहे स्वच्छता सर्वेक्षण के प्रचार प्रसार के लिए गुत्थी शहर पहुँच रही है। मशहूर टीवी शो कपिल शर्मा कॉमेडी शो में गुत्थी का किरदार निभाने वाले प्रख्यात कलाकार सुनील ग्रोवर शहर में चल रहे स्वच्छता जनजागरूकता के कार्यक्रमों में शामिल होंगे और नागरिकों को स्वच्छता के लिए प्रेरित करेंगे। अपनी अदाओं और संवादों से दर्शकों को गुदगुदाने वाली गुत्थी किसके घर जायेगी इस पर फिलहाल सस्पेंस है।
दरअसल गुत्थी शहर में किसी के भी घर जा सकती है, स्वच्छता अभियान के कार्यों को प्रोत्साहित करने 7 जनवरी 2018 को शहर पहुँच रही गुत्थी उनके घर अचानक पहुंचेगी जिनके घर, आंगन और गलियां साफ़ सुथरी और सुंदर होंगे। नगर निगम द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में चलाये जा रहे अभियान में शामिल होने के साथ ही गुत्थी ज्ञानगंगा कॉलेज में आयोजित मुख्य आयोजन में भी सम्मिलित होंगी।
महापौर डॉं. श्रीमती स्वाती सदानंद गोडबोले एवं निगमायुक्त श्री वेदप्रकाश ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत शहर में जनजागरूकता के अनेक कार्य किये जा रहे हैं और इसमें सम्माननीय नागरिकों की शत् प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने मशहूर टीवी कलाकार श्री सुनील ग्रोवर को आमंत्रित किया गया है।
विख्यात एवं लोकप्रिय कॉमेडी शो के कलाकार श्री सुनील ग्रोवर अपने अभिनय के माध्यम से दर्शकों में खासे लोकप्रिय हैं और वे अपने चिर परिचित अंदाज़ से शहर में स्वच्छता के कार्यों को प्रोत्साहित करेंगे। महापौर एवं निगमायुक्त ने यह भी बताया कि जिनके द्वारा स्वच्छता एप डाउनलोड किया जायेगा उन्हें गुत्थी के कार्यक्रम में प्रवेश के लिए एन्ट्री पास फ्री में जारी किया जायेगा। महापौर ने बताया कि दिनांक 8 जनवरी को गुत्थी शहर का भ्रमण करेगी और जो घर साफ सुथरा सुन्दर दिखेगा वहॉं जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम द्वारा महापौर डॉं. श्रीमती स्वाती सदानंद गोडबोले के नेतृत्व एवं निगमायुक्त श्री वेदप्रकाश के मार्गदर्शन में स्वच्छता सर्वेक्षण 2018 के अंतर्गत शहर के नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए ब्रांड एम्बेस्डर के माध्यम से भी आमजनों को स्वच्छता के महत्व को लगातार बतलाया जा रहा है। इसके साथ ही दीवार लेखन, नुक्कड़ नाटक, कठपुतली शो, इत्यादि के माध्यम से भी स्वच्छता जागरूकता अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार कराया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत यह कार्यक्रम भी आयोजित कराये जा रहे हैं। यहॉं यह भी उल्लेखित है कि कचरे का पृथकीकरण करने हेतु सार्वजनिक जगहों एवं बाजार क्षेत्रों में दो प्रकार के डस्टबिन भी रखवाये जा रहे हैं ताकि शहर के मुख्य मार्गो एवं यहॉं वहॉं कचरे का फैलाव न हो सके और उसका सही तरीके से डिस्पोजल कराया जा सके। इसके लिए एक हरे कलर की जिसमें गीला कचरा एवं दूसरा नीले कलर की जिसमें सूखा कचरा एकत्रित कराया जा रहा है तथा निर्धारित स्थलों पर उसका विधिवत प्रसंशकरण कर उसका बेहतर उपयोग किया जा रहा है।

.jpg)
Comments
Post a Comment